Ranchi : CM हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार ने राज्य की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा लिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि झारखंड के सभी जिलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 203 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से 245 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) स्थापित किये जायेंगे। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि “ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। हमारा उद्देश्य है कि हर ब्लॉक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवायें, समय पर जांच, सटीक डाटा और त्वरित स्वास्थ्य प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो।” उन्होंने साफ कहा कि बीमारी या महामारी आने से पहले ही नियंत्रण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस योजना का सबसे बड़ा फायदा आदिवासी, दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों को मिलेगा, जहां अब तक स्वास्थ्य सेवायें सीमित थीं। “मेरी प्राथमिकता है कि झारखंड की स्वास्थ्य प्रणाली आधुनिक, संवेदनशील और जन-केंद्रित बने। सरकार इस लक्ष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।” हर ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट में CHC, अनुमंडलीय अस्पताल , ब्लॉक PHC, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ लैब (BPHL), ब्लॉक हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) सेल शामिल होंगे। ये इकाइयां मिलकर ब्लॉक स्तर पर निगरानी, योजना, आपात तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया की रीढ़ बनेंगी।
डेटा से चलेगा इलाज का सिस्टम
BPHU को एक विकेन्द्रीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य मंच के रूप में विकसित किया गया है, जहां बीमारियों की समय पर पहचान, स्वास्थ्य जोखिमों का पूर्वानुमान, प्रमाण-आधारित त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। अब निर्णय अनुमानों पर नहीं, सटीक आंकड़ों पर होंगे। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (PM-ABHIM) और 15वें वित्त आयोग के सहयोग से 245 BPHU की स्थापना झारखंड को मजबूत, लचीली, विकेन्द्रीकृत, जन-केंद्रित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली प्रदान करेगी।












