Hazaribagh : हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में बीती रात खून और खौफ की कहानी छोड़ गई। नपोखुर्द गांव के कोयला व्यवसायी रोहित साव पर देर रात स्कॉर्पियो से पहुंचे अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि रोहित साव की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या को अंजाम देने के बाद अपराधी स्कॉर्पियो से फरार होने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार गाड़ी सड़क पर मौजूद लोगों को कुचलते हुये निकल गयी। इस हादसे में प्रदीप साव नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। एक ही रात में दो मौतों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश या कारोबार से जुड़े विवाद की आशंका जता रही है। फिलहाल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।












