UP : कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के लालूपुर गांव से एक ऐसी सनसनीखेज कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। यह कहानी सिर्फ एक हत्या की नहीं, बल्कि रिश्तों के कत्ल की दास्तां है। करीब 40 साल की लक्ष्मी का दिल उसके ही भांजे 25 साल के अमित पर आ गया। प्यार की अंधी चाह में उसने पति शिवबीर (45) को मौत की नींद सुला दिया। रिश्तों की डोर, संस्कार और समाज सब कुछ कुचल दिया गया।
2 नवंबर 2024 की रात सावित्री देवी (सास) बांदा गई थीं। मौका पाकर लक्ष्मी ने पति की चाय में नशे की गोली मिला दी। बेहोश होते ही अमित ने लोहे की रॉड और साबड़ से तीन वार कर दिया। शिवबीर की सांसें वहीं थम गईं। शव को घर के पीछे खेत में दफनाया और गलाने के लिये नमक तक डाल दिया। कुछ समय बाद कुत्तों ने हड्डियां बाहर निकाल दीं।घबराकर दोनों ने हड्डियों को बोरी में भरकर पनकी नहर में फेंक दिया। लेकिन सच को छिपाने की हर चाल नाकाम रही।
सास की शंका और पुलिस की पकड़
सावित्री देवी ने जब बेटे के गायब होने की शिकायत की तो हर बार लक्ष्मी टालमटोल करने लगी। गांव में लक्ष्मी और अमित के रिश्तों की चर्चा होने लगी। पुलिस ने जब कॉल डिटेल और पूछताछ का जाल बिछाया तो सच बाहर आ गया।अमित ने गुनाह कबूल कर लिया। वारदात के वक्त 13 साल की बेटी और 8 साल का बेटा जाग गये थे। लक्ष्मी ने किसी तरह उन्हें बहला दिया। बड़ा बेटा (18) उस वक्त घर पर नहीं था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल साबड़ और फावड़ा बरामद किया। फॉरेंसिक टीम ने खेत से शिवबीर की हड्डियों के अवशेष जुटाये। अब लक्ष्मी और अमित हिरासत में हैं और गांव स्तब्ध है।








