Ranchi : रांची की शाम, रनवे से उठती एक उड़ान, अंदर सांसों से जूझती उम्मीद और कुछ ही पलों में आसमान से गायब होती वह जिंदगी की डोर! झारखंड की धरती ने सोमवार की रात एक ऐसा हादसा देखा, जिसने हर दिल को सन्न कर दिया। राजधानी रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चार्टर विमान हादसे का शिकार हो गई। विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद रडार से गायब हो गया। यह हादसा चतरा के सिमरिया और चतरा सीमा क्षेत्र के कसरिया पंचायत इलाके में हुआ। एयर एंबुलेंस में कुल 7 लोग 2 चालक दल के सदस्य, एक मरीज, मरीज का परिजन, डॉक्टर, मेल नर्स, एक अन्य सहयोगी स्टाफ मौजूद थे। यह उड़ान मरीज को बेहतर इलाज के लिये दिल्ली ले जा रही थी।
रडार से गायब होते ही बढ़ी चिंता
DGCA सूत्रों के अनुसार, विमान ने 23 फरवरी को शाम 7.11 बजे रांची से उड़ान भरी। कोलकाता ATC से संपर्क होने के बाद खराब मौसम के कारण मार्ग परिवर्तन का अनुरोध किया गया। शाम 7.34 बजे अचानक संचार और रडार संपर्क पूरी तरह टूट गया। अंतिम लोकेशन वाराणसी से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व बताई गई। यह विमान रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 (VT-AJV) मॉडल था। एयर एंबुलेंस के रूप में यह मेडिकल इमरजेंसी सेवा दे रहा था। रांची एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने पुष्टि की कि एयर एंबुलेंस का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था। राज्य प्रशासन को तत्काल सूचना देकर सभी मानक प्रक्रियाएं लागू की गईं।
खराब मौसम बना हादसे की वजह?
शुरुआती जानकारी के अनुसार, खराब मौसम के कारण मार्ग बदलने का अनुरोध किया गया था। इसके कुछ ही मिनट बाद विमान का संपर्क टूट गया और फिर दुर्घटना की खबर सामने आई।









