Kohramlive : विराट कोहली ने 2027 वनडे विश्व कप को लेकर अपना इरादा साफ कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका में होने वाला यह टूर्नामेंट उनके करियर का आखिरी वनडे विश्व कप होगा। कोहली ने कहा कि भारत को विश्व कप जिताने के लिए वह मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देना चाहते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले जियोस्टार से बातचीत में कोहली ने 50 ओवर के विश्व कप की चुनौती और अपनी तैयारी पर बात की। कोहली ने कहा कि 50 ओवर के विश्व कप की तीव्रता किसी भी दूसरे टूर्नामेंट से अलग होती है। उनके मुताबिक, करीब 10 मुकाबलों तक लगातार उसी स्तर की ऊर्जा और फोकस बनाये रखना बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह भारत के लिए आखिरी विश्व कप है। यही मेरी प्रेरणा है। मैं अपना सब कुछ मैदान पर छोड़ देना चाहता हूं। लक्ष्य विश्व कप जीतना है और इसे जीतने के लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, मैं उसके लिए तैयार हूं।”
विश्व कप में कोहली का शानदार रिकॉर्ड
विराट कोहली ने वनडे विश्व कप में अब तक 37 मैचों में 1,795 रन बनाये हैं। उनका औसत 59.83 रहा है। उनके नाम 5 शतक और 12 अर्धशतक हैं। पूरे वनडे करियर में कोहली के नाम 14,941 रन दर्ज हैं। उन्होंने 54 शतक और 79 अर्धशतक लगाये हैं। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन है। T20 विश्व कप में भी कोहली का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 35 मैचों में 1,292 रन बनाये हैं और 15 अर्धशतक लगाये हैं।
रोहित शर्मा भी विश्व कप को लेकर उत्साहित
रोहित शर्मा ने भी 2027 विश्व कप को लेकर अपनी सोच सामने रखी। उन्होंने कहा कि खेलते रहने तक किसी खिलाड़ी का काम कभी पूरी तरह खत्म नहीं होता। रोहित के मुताबिक, हर विश्व कप और ICC टूर्नामेंट नई चुनौती लेकर आता है। अलग टीमों, मैदानों और परिस्थितियों के हिसाब से तैयारी बदलनी पड़ती है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को दोपहर 2 बजे खेला जायेगा। मुकाबले का प्रसारण जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा।





