Bihar : जिस बेटी को माता-पिता ने महज दो महीने पहले नई जिंदगी की शुरुआत के लिए विदा किया था, उसकी तलाश आखिर जंगल के एक सुनसान कुएं तक पहुंची। रोहतास के बड्डी थाना क्षेत्र के डूमरखोह जंगल में कुएं से बोरे में बंद 16 साल की लक्ष्मी कुमारी का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में उसके पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। लक्ष्मी बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मानी गांव के मंटू राम की बेटी थी। करीब दो महीने पहले उसने बड्डी थाना क्षेत्र के करीब 20 साल के पिंकू बिंद से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह पति के साथ डूमरखोह जंगल क्षेत्र में रह रही थी। परिवार के मुताबिक, लक्ष्मी की मुलाकात पिंकू से बड्डी में मौसी के घर आने के दौरान हुई थी। दोनों ने शादी कर ली। परिवार ने शायद ही सोचा होगा कि जिस बेटी को नई जिंदगी के सपनों के साथ विदा किया है, उसकी खबर इतनी जल्दी मौत के रूप में मिलेगी।
कुएं से बोरे में बरामद हुआ शव
डूमरखोह जंगल में कुएं के पास शव दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव बोरे में बंद था और काफी क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पति समेत दो गिरफ्तार
पुलिस ने लक्ष्मी के पति पिंकू बिंद और धनजी पासी को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लक्ष्मी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को बोरे में बंद कर जंगल के कुएं तक कैसे पहुंचाया गया। रोहतास SP मिस्टर राज ने बताया कि मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी।
बेटी की मौत से टूट गया परिवार
लक्ष्मी की मौत की खबर मिलते ही मायके में चीख-पुकार मच गई। पिता मंटू राम का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव जंगल के कुएं में फेंका गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और जांच के बाद ही लक्ष्मी की मौत की असली वजह और घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।





