Ranchi : राजधानी रांची के ATM अब चोर उचक्कों और जालसाजों के निशाने पर है। गुजरे 8 दिनों में एटीएम से करीब 2 करोड़ रुपये उड़ा और चुरा लिए गये। बीती रात बेड़ों के वंदना कॉम्प्लेक्स स्थित यूको बैंक के एटीएम को निशाना बनाया गया। नकाबपोश चोरों ने गैस कटर से पहले शटर काटा और फिर एटीएम मशीन को काट कर वहां से करीब 3 लाख 82 हजार 500 रुपये बटोर कर भाग निकले। एटीएम में लगे CCTV कैमरे पर काले रंग का स्प्रे छिड़क धुंधला कर दिया था। जिस कारण चोरों की तस्वीर साफ-साफ नहीं आ सकी। देखा गया कि केवल दो लोग एटीएम से पैसा चुराने में शामिल थे। एटीएम में केवल 13 हजार रुपये एटीएम के कैसेट में फंस कर चोरी होने से बच गये। सुबह साफ सफाई करने पहुंचे लोगों ने देखा कि एटीएम की मशीन टूटी फूटी पड़ी है। इसकी सूचना यूको बैंक बेड़ों शाखा के मैनेजर सोनल मनीष कंडूलना को दी गई। खबर पाकर बेड़ों के थानेदार मनीष कुमार भी मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद बैंक के अधिकारी इस नतीजे पर पहुंचे कि एटीएम में पड़े 3 लाख 82 हजार 500 रुपये गायब है। कुछ दिन पहले यानि 20 जुलाई की रात कांके थाना क्षेत्र के बीएयू गेट के पास लगे PNB के ATM को निशाना बनाया गया था। वहां से भी चोर उचक्कों ने गैस कटर से एटीएम काट करीब 2 लाख 38 हजार रुपये ले भागे। सबसे चौंकाने वाली वारदात 16 जुलाई को हुई। एटीएम में पैसा डालने वाली कंपनी CMS के दो कस्टोडियन अमित कुमार मांझी और सुभाष चेल पर इल्जाम है कि यह दोनों एटीएम के 1 करोड़ 81 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। यह रुपये राजधानी के शहरी इलाकों में स्थित 36 एटीएम में डालने के लिए अमित और सुभाष को दिए गए थे। जांच से खुलासा हुआ है कि यह रुपये बीते 11 जुलाई से 13 जुलाई के बीच अलग-अलग एटीएम से निकाल लिए गए। इस मामले को लेकर अरगोड़ा थाने में FIR दर्ज किया गया। 1 करोड़ 81 लाख रुपये चुराने में शामिल अतुल शर्मा और सनोज ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया। इन दोनों के घरों से क्रमश 1 लाख 55 हजार और 5 लाख रुपये बरामद कर लिए गए। गिरफ्तार सटोरिया सनोज ठाकुर ने खुलासा किया कि 1 करोड़ 81 लाख में से 60 लाख रुपये सट्टा में लगा दिए गए। सट्टाबाज दुबई में बैठा हुआ है। एटीएम के गेट और मशीन कटने की वारदातों ने रांची पुलिस की नींद हराम कर दी है। पुलिस कप्तान ने एटीएम चोरों को खोज निकालने के लिए स्पेशल टीम का गठन किया है। वहीं जिले के तमाम थानों को अलर्ट मोड में रहने का आदेश दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : मुनक्का खाने से दूर होती हैं पुरुषों की ये बड़ी समस्याएं, जानें क्या…
इसे भी पढ़ें :देश में बढ़ा मंकीपॉक्स का खतरा, हाई अलर्ट जारी








