Garhwa(Nityanand Dubey) : अपने दो दिवसीय दौरे पर गढ़वा आये केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल शर्मा ने कहा कि आकांक्षी जिलों में गढ़वा का 67वां पोजिशन है। PM नरेंद्र मोदी यहां खास ध्यान रखते हैं। गढ़वा में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों में सुधार की जरूरत है। केंद्रीय मंत्री शर्मा गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मंत्री बीएल शर्मा ने कहा कि उन्होंने गढ़वा के सदर अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का जायजा लिया। जिसमें सदर अस्पताल से बेहतर इंंतेजाम स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव का पाया गया। यहां डॉक्टर और अन्य कर्मी मौजूद थे। साफ-सफाई बेहतरीन थी। उन्होंने कहा कि जिले के स्वास्थ्य व शिक्षा जगत में कई खामियां पाई गई, इसमें सुधार की जरूरत है। सड़क के मामले में खूब बेहतर काम हुये हैं। केंद्र सरकार एससी, एसटी व ओबीसी के विकास के लिये कई बेहतर काम किये हैं। वर्ष 2014 के बाद PM नरेंद्र मोदी ने देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी के दलदल से बाहर निकाले, 53 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को सीधे बैंक खाते में विभिन्न योजनाओं का राशि भेजा गया, चार करोड़ 21 लाख गरीबों को पक्का मकान मुहैया कराने का काम किया गया है। दस करोड़ से अधिक को गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख रुपये तक निःशुल्क ईलाज की व्यवस्था, कृषि सम्मान निधि के तहत किसानों को दो हजार रुपये का सहयोग, 81.3 करोड़ गरीबों को पांच-पांच किलोग्राम राशन देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में गुजरे दस वर्षों में भारत में काफी बदलाव हुआ है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए अभियान चलाकर कार्य किया गया है। भारत विश्व के टॉप पांच में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के क्रियान्वयन करने का निर्देश दिया गया है। ताकि सभी को योजनाओं का लाभ मिल सकें। केंद्र सरकार ने आकांक्षी जिलों पर विशेष फोकस करते हुये विकास कार्य की गति को काफी तेज किया है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के साथ कार्य करती है। प्रेस कांफ्रेंस में सांसद विष्णुदयाल राम, उपायुक्त शेखर जमुआर, उप विकास आयुक्त पीएन मिश्रा, सदर एसडीओ संजय कुमार सहित अन्य मौजूद थे।














