Ranchi : भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय राय ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा राज्य को मिली दो बड़ी सड़क परियोजनाओं रांची का रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर और गढ़वा का रेहला फोरलेन को झारखंड के विकास की नई रफ्तार बताया है। अजय राय ने कहा कि ये परियोजनाएं राज्य के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने कहा,“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में जिस तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हो रहा है, उसका असर अब झारखंड में भी साफ दिख रहा है।” उन्होंने कहा कि झारखंड में एम्स जैसे संस्थानों की स्थापना, सड़क और रेलवे नेटवर्क का विस्तार और संचार सुविधाओं की बेहतर पहुंच, ये सब राज्य को नई ऊंचाई की ओर ले जा रहे हैं।
कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
अजय राय ने कहा कि ये परियोजनाएं लंबे समय से जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने वाली हैं। बेहतर कनेक्टिविटी से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अंत में कहा कि यह पहल केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य को दिशा देने वाला एक मजबूत आधार है।








