Ranchi : क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्श दात्री समिति सदस्य सतीश सिन्हा ने आज रांची से सटे नामकुम रेलवे स्टेशन का जायजा लिया। उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान आकृष्ट कराते हुये दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक के नाम एक मांग पत्र दिया। मांग पत्र में इस बात पर गौर करने का आग्रह किया गया है।
स्लोपिंग और फिसलन: नामकुम स्टेशन के प्रवेश द्वार पर स्थित टिकट काउंटर के पास ग्रेनाइट स्लोपिंग की गई है, जिससे फिसलन हो रही है। कई यात्रियों को इस पर फिसलते हुये देखा गया है। यह स्थिति अत्यधिक खतरनाक है और यात्रियों के लिये दुर्घटना का कारण बन सकती है। वहीं, सुझाव दिया कि इस क्षेत्र में फिसलन को रोकने के लिये स्लोपिंग की सामग्री में बदलाव किया जाये और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये जंगम रबर या मेटल रैम्प का निर्माण किया जाये।
दिव्यांगों के लिए असुविधा: स्टेशन पर दिव्यांगों के लिये कोई अलग से स्लोप रास्ता उपलब्ध नहीं है। यह गंभीर चिंता का विषय है क्योंकि दिव्यांग यात्रियों के लिये स्टेशन की यात्रा बेहद कठिन हो सकती है। सुझाव दिया कि दिव्यांगों के लिये एक विशेष स्लोप रास्ता तैयार किया जाये, ताकि वे आसानी से स्टेशन पर आ-जा सकें।
शौचालयों की समस्याएं: नये शौचालय के मल निकासी की व्यवस्था पुराने शौचालय की टंकी से जोड़ी गई है, जो पहले से ही जाम रहती है। यह स्थिति यात्रियों को असुविधा का सामना करवा रही है और स्वच्छता की स्थिति भी बिगड़ रही है। वहीं, सुझाव दिया कि नये शौचालय के लिये एक नया सेप्टिक टैंक का निर्माण किया जाये और प्लेटफार्म पर यूरिनल (मूत्रालय) की व्यवस्था की जाये, ताकि यात्रियों को बुनियादी जल सुविधा प्राप्त हो सके और गंदगी ना फैले।
सुरक्षा संबंधी मुद्दे: स्टेशन पर अवैध रूप से लोगों का आना-जाना और संदिग्ध व्यक्तियों का अड्डा बन गया है। यह सुरक्षा के लिहाज से एक गंभीर समस्या है। सुझाव: इस मुद्दे को सुलझाने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं और प्लेटफार्म पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए। सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती को बढ़ाया जाये।








