Ranchi : राजधानी रांची के चान्हो थाना क्षेत्र में हुये डबल मर्डर केस ने पूरे इलाके को दहला दिया था, लेकिन पुलिस ने फौरी कार्रवाई कर अपराधियों को बेनकाब कर दिया। इस दोहरे हत्याकांड में शामिल चार संदेही गुनहगारों को पकड़ लिया गया। वहीं, दो अन्य की तलाश जारी है। अपराध की इस खौफनाक रात की कहानी आनंदशिला गांव स्थित आश्रम से शुरू हुई, जहां लूटपाट के इरादे से घुसे अपराधियों ने आश्रम के बाबा मुकेश साह (50) और उनके सहयोगी राजेंद्र यादव को गोलियों से छलनी कर दिया। लहूलुहान हालत में तड़पते राजेंद्र यादव ने दम तोड़ने से पहले पुलिस को अपने कातिलों के नाम बता दिये। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ रेड कर जितेंद्र यादव उर्फ छोटू, अरविंद यादव, सूरज पाहन एवं अफरोज अंसारी को धर लिया। इनके पास से 12 हजार रुपये नकद, एक चांदी की सिकड़ी, वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्तौल, एक जिंदा गोली एवं कुछ अन्य चीजें बरामद की है।
राजधानी में हुये इस दोहरे हत्याकांड को गंभीरता से लिया गया। गठित स्पेशल टीम ने राजेंद्र यादव के आखिरी बयान और CCTV फुटेज के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। खलारी DSP रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में खलारी और बुढ़मू थाना की पुलिस टीम ने चारों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अपराधियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि जब मुकेश और राजेंद्र ने विरोध किया, तो उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। इस कांड का खुलासा करने में DSP रामनारायण चौधरी, खलारी थानेदार जयदीप टोप्पो, बुढ़मू थानेदार रितेश कुमार महतो, SI सुरेंद्र कुमार, संजय कुल्लू, संजय कुमार सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
इसे भी पढ़ें : 62 IPS अफसर इधर से उधर… देखें पूरी लिस्ट
इसे भी पढ़ें : फिर एन’काउंटर…
इसे भी पढ़ें : Weekly Horoscope (May 4 to 10, 2026) : सितारों ने लिखी 12 राशियों की नई कहानी… जानें
इसे भी पढ़ें : RBI के डिप्टी गर्वनर बने रोहित जैन…
इसे भी पढ़ें : पटरी पर दो धड़कनों का दर्दनाक अंत…






