Ranchi : झारखंड में शिक्षा को नई उड़ान देने के प्रयासों को और मजबूती मिली है। CM हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित “नियुक्ति पत्र वितरण-सह-मेधा सम्मान समारोह” में छात्रों, शिक्षकों और स्कूलों को सम्मानित किया।
टॉपर्स की मेहनत का मिला इनाम
JAC, CBSE, ICSE और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के मैट्रिक और इंटर टॉपर्स को ₹3 लाख की राशि, लैपटॉप, स्मार्टफोन और (JAC टॉपर्स को) स्कूटी भेंट की गई। वहीं आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मान मिला। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब बोर्ड रिजल्ट के तुरंत बाद टॉपर्स को सम्मान राशि मिल जायेगी, ताकि आगे की पढ़ाई में कोई आर्थिक बाधा न आए।
975 शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र
इस मौके पर राज्यभर के 975 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गये, जिनमें 33 PGT, 909 सहायक आचार्य (गणित व विज्ञान) और 33 लैब असिस्टेंट शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कुछ शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपे।
नेतरहाट स्कूल में अब बेटियां भी पढ़ेंगी
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि नेतरहाट आवासीय विद्यालय अब को-एजुकेशन स्कूल होगा। साथ ही नेतरहाट की तर्ज पर तीन और ऐसे विद्यालय राज्य में खुलेंगे। उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश है कि सरकारी स्कूल भी निजी स्कूलों जैसी गुणवत्ता प्रदान करें।”
शिक्षा में क्रांति की ओर बढ़ता झारखंड
सरकार अब तक लाखों छात्रों को लैपटॉप, मोबाइल, स्कॉलरशिप और शिक्षा लोन की सुविधा दे चुकी है। गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत बिना गारंटी ₹15 लाख तक का लोन भी छात्रों को मिल रहा है। विदेश में पढ़ाई के लिए शत-प्रतिशत स्कॉलरशिप योजना राज्य को देश में अलग पहचान दिला रही है।
स्वच्छ विद्यालय और ई-शिक्षा महोत्सव का शुभारंभ
CM ने इस अवसर पर स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना और झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 का भी उद्घाटन किया। 100% रिजल्ट देने वाले स्कूलों और प्रमाणीकरण में ‘स्वर्ण श्रेणी’ पाने वाले विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया।
CM का संदेश साफ है कि “हम शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। सरकारी स्कूलों को संसाधनों से लैस कर निजी स्कूलों के बराबर लाया जा रहा है। अब सरकारी स्कूलों में भी नामांकन के लिए होड़ है। हमारा लक्ष्य शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।”
कार्यक्रम में मौजूद रहे
राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मंत्रीगण राधाकृष्ण किशोर, संजय यादव, शिल्पी नेहा तिर्की और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी।















