महुआडांड़ : वज्रपात ने एक किसान की कमर तोड़ कर रख दी। उसके आय का एकमात्र साधन मवेशी और किसानी था। शनिवार को हुए वज्रपात में किसान के 5 पशुओं की एक साथ मौत हो गई। इस हादसे ने किसान के जीवन यापन का साधन छीन लिया। अब उसे समझ नहीं आ रहा कि उसका जीवन यापन कैसे होगा। वज्रपात की घटना लातेहार जिले के महुआडांड़ प्रखंड के लोघ गांव में घटी। वज्रपात की घटना में सिमोन के तीन बैल, एक गाय, एक बछड़ा और 3 बकरी मर गई। सूचना बीडीओ को दी गई। बीडीओ ने ने जांच के लिए हल्का कर्मचारी लाल बिहारी उरांव को घटनास्थल पर भेजा। हल्का कर्मचारी ने बताया कि फोटो और आवेदन जमा कर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जल्द ही किसान को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
वहीं वज्रपात की एक और घटना महुआडांड़ के ही बोहटा पंचायत के सेम्बरबुढ़नी में घटी। इसमें मुंगफली कोड़ रही बसंती देवी घायल हो गई। उसे महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।





