Kohramlive : फिलीपींस एक बार फिर तूफानी संकट में फंस गया है। इस साल का सबसे बड़ा तूफान ‘फुंग-वोंग’ तट से टकराने से पहले ही देश के कई इलाकों में तबाही मचाने लगा है। तेज़ हवाओं और मूसलाधार बारिश से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जबकि हजारों लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, फुंग-वोंग की रफ्तार 185 किलोमीटर प्रति घंटा है, जो बढ़कर 230 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। तूफान इस समय कैटेनडुआनिस प्रांत के विराक कस्बे से करीब 125 किलोमीटर दूर है और इसके रविवार रात या सोमवार तड़के इसाबेला प्रांत के तट से टकराने की आशंका है।
देश के राष्ट्रपति फर्डिनांड मार्कोस जूनियर ने हालात को देखते हुये आपातकाल घोषित कर दिया है। तटीय इलाकों के करीब 50,000 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। कई घरेलू उड़ानें रद्द की गई हैं और 86 बंदरगाहों पर करीब 6,600 यात्री व कर्मचारी फंसे हुये हैं। खास बात यह है कि फिलीपींस अभी ‘कालमेगी’ तूफान की तबाही से उबर भी नहीं पाया है, जिसमें अब तक 200 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। अब फुंग-वोंग ने देश की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की है।






