Ranchi : मिट्टी में भी एक कहानी होती है। कोई उसे सुराही का आकार देता है, तो कोई कप, थाली और केतली बनाकर अपनी कला का हुनर दिखाता है। मिट्टी के इसी हुनर और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की खुशबू इन दिनों दिल्ली में बिखर रही है। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन अपनी पारंपरिक माटी कला और टेराकोटा के चलते पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड ने यहां अपनी लोकपरंपरा और हस्तशिल्प की ऐसी झलक पेश की है, जो लोगों को अपनी ओर खींच रही है। खास बात यह है कि यहां माटी कला केवल देखने की चीज नहीं, बल्कि इसे बनते हुये महसूस करने का भी मौका मिल रहा है।
हुनर देख ठहर जा रहे कदम
झारखंड पवेलियन में कारीगर अपनी पारंपरिक कला का लाइव प्रदर्शन कर रहे हैं। मिट्टी को अपने हाथों से आकार देकर वे ट्रे, सुराही, कप, गिलास, थाली और केतली जैसे आकर्षक व उपयोगी उत्पाद तैयार कर रहे हैं। लाइव डेमो की सबसे खास बात यह है कि पर्यटक अपनी पसंद के उत्पादों को अपनी आंखों के सामने बनते देख सकते हैं। वहीं, वे खुद भी इस पारंपरिक कला को आजमाते हुये अपने हाथों से मिट्टी के उत्पाद तैयार करने का अनुभव ले सकते हैं। कारीगरों के हाथों का हुनर देखने के साथ तैयार उत्पादों को सीधे उनसे खरीदने की सुविधा भी आगंतुकों को खूब आकर्षित कर रही है। पर्यावरण के अनुकूल ये हस्तनिर्मित उत्पाद पारंपरिक कला और आधुनिक जरूरतों का खूबसूरत मेल पेश कर रहे हैं।
कारीगरों को पहचान और बाजार दिलाने की पहल
झारखंड की माटी कला केवल एक पारंपरिक हुनर नहीं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। इस कला को संरक्षित करने और इससे जुड़े कारीगरों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। माटी कला बोर्ड की परिकल्पना भी पारंपरिक कुम्हारों और माटी शिल्पकारों को पहचान दिलाने, उनके कौशल को विकसित करने, आधुनिक डिजाइन से जोड़ने और बेहतर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने से जुड़ी है।
कारीगरों के लिये खुल रहे बाजार के नये रास्ते
IITF-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य की माटी कला को राष्ट्रीय मंच मिल रहा है। यह आयोजन स्थानीय कारीगरों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ने का अवसर दे रहा है। इससे उनके उत्पादों को व्यापक बाजार मिलने और रोजगार के नये अवसर सृजित होने की संभावनायें भी मजबूत हो रही हैं। दिल्ली के इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड के कारीगर अपने हाथों के हुनर से यह बता रहे हैं कि मिट्टी से बनी चीजें केवल उपयोग की वस्तुयें नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा, मेहनत और कला की अनमोल पहचान भी हैं। यही वजह है कि झारखंड की माटी की यह सौंधी खुशबू अब दिल्ली में भी लोगों का दिल जीत रही है।









