Jamshedpur : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से बतौर रंगदारी 5 करोड़ की डिमांड करने वाला सब्जी बेचने वाला निकला। शेख हुसैन नाम के इस शख्स को महाराष्ट्र पुलिस ने जमशेदपुर पुलिस की मदद से पकड़ा। उसे जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के पकड़ा गया। जमशेदपुर के मानगो आजाद नगर बस्ती में रहने वाला शेख हुसैन को महाराष्ट्र पुलिस चार दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई। वह मूल रूप से पुरूलिया का रहनेवाला है।
जमशेदपुर पहुंची महाराष्ट्र पुलिस और साकची पुलिस ने मीडिया को बताया कि सब्जी बेचने वाला शेख हुसैन बीते कई दिनों से टीवी पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई द्वारा सलमान खान की हत्या की धमकी की खबर देख रहा था। जिसके बाद उसने इंटरनेट पर मुंबई ट्रैफिक पुलिस का नंबर सर्च किया और पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर उसने सलमान खान के नाम धमकी भरा मैसेज भेजा। धमकी भेजने के बाद उसने अपने मोबाइल से सिम निकाल उसे तोड़ कर फेंक दिया। धमकी भरा मैसेज में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से पांच करोड़ रुपये की डिमांड की गई थी। इस मैसेज में यह भी दावा किया गया था कि वो जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और सलमान के बीच चल रही दुश्मनी को खत्म करवा देगा। मैसेज भेजने वाला शख्स खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बता रहा था।
हल्के में न लें
मैसेज में कहा गया था कि मैसेज को हल्के में न लें, अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहते हैं और लॉरेंस बिश्नोई से दुश्मनी खत्म करना चाहते हैं तो उन्हें पांच करोड़ रुपये देने होंगे। अगर पैसे नहीं दिये गये तो सलमान खान की हालत बाबा सिद्दीकी से भी बदतर हो जायेगी। इस घटना के बाद पुलिस ने वर्ली थाने में मामला दर्ज किया और जांच करते हुये जमशेदपुर पहुंची। जिस नंबर से मैसेज किया गया था उसका लोकेशन जमशेदपुर मिला था।














