Jamshedpur : जमशेदपुर का उलियान, वही धरती, जहां आज भी शहीद निर्मल महतो के संघर्ष और विचारों की गूंज महसूस की जाती है। शनिवार को उनकी 39वीं शहादत दिवस पर माहौल श्रद्धा, सम्मान और संकल्प से भर उठा। CM हेमंत सोरेन शहीद निर्मल महतो की समाधि स्थल पहुंचे और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। CM हेमंत सोरेन ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शत-शत नमन किया। समाधि स्थल पर उमड़ी भीड़ के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती वीरों की भूमि रही है और निर्मल महतो जैसे महान आंदोलनकारियों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिये हमेशा प्रेरणा बना रहेगा।
“निर्मल महतो का नाम हमेशा रहेगा”
जनसभा को संबोधित करते हुये CM हेमंत सोरेन ने कहा कि अमर शहीद निर्मल महतो के बारे में जितना कहा जाये, कम है। उन्होंने कहा कि “जब तक सूरज-चांद रहेगा, निर्मल महतो का नाम रहेगा।” CM हेमंत सोरेन ने कहा कि लंबे संघर्ष और अनगिनत आंदोलनकारियों के त्याग के बाद झारखंड को अपनी अलग पहचान मिली। शहीदों के विचार और आदर्श आज भी समाज को रास्ता दिखाते हैं। CM ने कहा कि राज्य के आदिवासी, मूलवासी, किसान, गरीब और आम नागरिकों के हक-अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहीदों के त्याग और संघर्ष के रास्ते पर चलते हुये राज्य के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। सरकार की प्राथमिकताओं में विकास योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक एकजुटता, भाईचारा और सौहार्द को मजबूत करना भी शामिल है।
“झारखंड की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत”
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के लोगों की एकजुटता और आपसी सहयोग ही इस राज्य की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने लोगों से बिना डरे और बिना रुके आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो जैसे महान लोगों ने आदिवासी-मूलवासियों को एकजुट करने, उनके अधिकारों की आवाज को मजबूत करने और न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका संघर्ष सिर्फ इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि झारखंड की सामाजिक चेतना और पहचान का अभिन्न हिस्सा है।
वीरों की धरती है झारखंड
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की धरती पर एक वीर की कहानी शुरू होती है तो उसके साथ दूसरे वीरों की कहानियों की कड़ियां भी जुड़ती चली जाती हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही लोगों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भी श्रद्धापूर्वक याद किया था। ऐसे महान व्यक्तित्व भले ही आज शारीरिक रूप से हमारे बीच न हों, लेकिन उनके विचार और आदर्श हमेशा समाज के साथ चलते रहेंगे। CM ने कहा कि इन वीरों की प्रेरणा को साथ लेकर झारखंड को मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि शहीदों के दिखाये रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को एकजुट होकर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना होगा। यही सामूहिक शक्ति झारखंड को आगे ले जायेगी। CM हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का आभार जताते हुये कहा कि सभी लोग अपने वीर शहीदों और मार्गदर्शकों को प्रेरणा बनाकर जीवन में बिना डरे, बिना रुके मजबूती के साथ आगे बढ़ते रहें।
उलियान में उमड़ा जनसैलाब
शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मौके पर विधायक सबिता महतो, समीर मोहंती, संजीव सरदार, सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



















