Bokaro : भोर की नर्म धूप लुगूबुरु की पहाड़ियों पर जैसे ही बिखरी, हवा में ढोल-नगाड़ों की थाप और श्रद्धा के गीत गूंज उठे। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोम गाढ़ राजकीय महोत्सव 2025 के समापन समारोह में CM हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के संग पहुंचे और पूरी वादी में भक्ति का एक नया अध्याय रच गया। CM ने लुगू बाबा के पुनाय थान में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। घंटों की ध्वनि और ढोल की गूंज के बीच CM ने कहा, यह सिर्फ एक महोत्सव नहीं, हमारी आत्मा की धड़कन है। हमारी संस्कृति और परंपरा के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक।
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि लुगूबुरु सिर्फ एक स्थान नहीं, यह हमारी पहचान है। संताल समाज की उस गाथा का प्रतीक, जहां पूर्वजों ने समाज और व्यवस्था की नींव रखी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अबुआ समाज, संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों को संरक्षित और समृद्ध करने के लिये दृढ़ संकल्पित है। लुगू बाबा के इस पावन स्थल को देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिये और सुविधाजनक बनाने की दिशा में भी लगातार काम हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान CM हेमंत सोरेन ने घोषणा की कि लुगूबुरु में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा टेराकोटा शैली में स्थापित की जायेगी। उन्होंने कहा कि गुरुजी का लुगूबुरु से गहरा नाता रहा है। उनकी सोच, उनका मार्गदर्शन हम सबके लिये प्रेरणा है। अब हमारा दायित्व है कि हम इस धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचायें। CM ने टेराकोटा शैली में निर्मित स्मृति शेष शिबू सोरेन की प्रतिमूर्ति महोत्सव आयोजन समिति को सौंपी। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की, हवा में “जय झारखंड, जय जनजाति गौरव” के स्वर गूंज उठे।
प्रकृति और परंपरा की पुकार
CM हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने चेताया कि अगर जल, जंगल और जमीन की रक्षा नहीं की, तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि वे भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और हमारे पूर्वजों के पर्यावरण प्रेम को जीवन में उतारें। उन्होंने कहा, हमें धर्म सामाजिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की ताकत देता है और यही असली पूजा है। CM हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। हमारे देश में अलग-अलग धर्म और समुदाय के लोग रहते हैं, लेकिन सभी एक-दूसरे के प्रति सम्मान और प्रेम रखते हैं, यही हमारी असली शक्ति है।
मंच पर CM हेमंत सोरेन के साथ मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक उमाकांत रजक, जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, बोकारो के DC अजय नाथ झा, बोकारो पुलिस कप्तान हरविंदर सिंह सहित अनेक छोटे-बड़े अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद थे।






