Ranchi : झारखंड का मौसम अब नये रंग दिखाने लगा है। सुबह हल्के कोहरे से दिन की शुरुआत हो रही है, लेकिन दोपहर तक धूप और बढ़ता तापमान गर्मी का अहसास कराने लगा है। मौसम विभाग ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में पारा तेजी से चढ़ेगा। फिलहाल मौसम भले शांत और शुष्क है, लेकिन 26 मार्च के बाद तस्वीर बदलने वाली है। गरज-चमक, तेज हवा और बारिश के साथ मौसम अचानक करवट लेगा, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है। रांची से जमशेदपुर तक तापमान का उतार-चढ़ाव यह बता रहा है कि मौसम एक ट्रांजिशन फेज में है, जहां सुबह-शाम हल्की ठंडक है, तो दिन में गर्मी की दस्तक साफ महसूस हो रही है। अब सबकी नजर 26 मार्च के बाद होने वाले बदलाव पर टिकी है।














