Ranchi : जीवन का आधार भी वृक्ष है,
धरती का श्रृंगार भी वृक्ष है।
बच्चों के नन्हें हाथों में जब पौधों की जड़ें आईं,
तो जैसे धरती मां ने मुस्कुरा कर आशीर्वाद दिया।
रांची के पुंदाग में स्थित लाला लाजपत राय बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, के आंगन में आज की सुबह कुछ खास थी। पेड़ों की छांव में उगते सपनों की शुरुआत थी। स्कूल परिसर में पौधारोपण हुआ। बच्चों ने मिट्टी को सहलाया, पानी दिया और वचन लिया, “हम तुम्हें बड़ा करेंगे, जैसे मां अपने बच्चों को करती है।”
विद्यालय के अध्यक्ष सुधीर उग्गल, महासचिव राजेश मेहरा, अवैतनिक सचिव रवि पराशर, प्राचार्य शैलेंद्र कुमार, उप प्राचार्य प्रफुल्ल कुमार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों संग हाथ बढ़ाया, हर पौधे के साथ एक उम्मीद बोई।प्राचार्य शैलेंद्र कुमार ने कहा, “कूड़े को कूड़ेदान में डालें, पानी व्यर्थ न बहायें, और हां, एक पेड़ जरूर लगायें। जब आप प्रकृति को बचाते हैं, तब आप भविष्य को संवारते हैं।” सृष्टि से लेकर श्रेया तक, रोशन से पृथ्वी तक, हर बच्चे की आंखों में पर्यावरण को बचाने की चमक थी और हर पौधे की नन्ही शाख में कल की उम्मीदें।










