Kohramlive : तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख और साउथ के सुपरस्टार विजय की 27 सितंबर की चुनावी रैली के दौरान मची भगदड़ को लेकर अब उनका बयान सामने आया है। विजय ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि उन्होंने अब तक पीड़ितों से मुलाकात नहीं की है, क्योंकि उनकी मौजूदगी से हालात और “असामान्य” हो सकते थे। विजय ने कहा, “मैंने अपने जीवन में कभी ऐसी दर्दनाक स्थिति नहीं देखी। यह सच जल्द ही सामने आयेगा। जो नहीं होना चाहिये था, वही हो गया।” वीडियो संदेश में विजय ने CM एमके स्टालिन को सीधे कहा “CM साहब, अगर बदला लेना है तो मुझसे लीजिये, लेकिन मेरी पार्टी के सहयोगियों को परेशान न करें। मैं हर तरह की कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हूं।” विजय का दावा है कि घटना वाले दिन उन्होंने भीड़ की सुरक्षा को देखते हुये करूर से जल्दी ही निकलने का फैसला किया था।
“राजनीति से ऊपर है मानवता”
विजत ने कहा कि यह वक्त राजनीति से ऊपर उठकर मानवता के साथ खड़े होने का है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और जल्द उनसे मिलने का भरोसा दिया। विजय ने समर्थकों से शांति बनाये रखने की अपील करते हुये कहा कि इस हादसे को राजनीति की नजर से नहीं देखा जाना चाहिये। विजय ने कहा कि रैली हमेशा पुलिस की अनुमति और सुरक्षित जगह पर होती हैं, लेकिन इस बार जो हुआ, वह बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना के असली कारण जल्द सामने आयेंगे और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में कदम उठाये जायेंगे।
— TVK Vijay (@TVKVijayHQ) September 30, 2025














