Kohramlive : असम में भारतीय वायुसेना का एक अत्याधुनिक लड़ाकू विमान अचानक रडार से गायब हो जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में तहलका मच गया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम नियमित मिशन पर निकला विमान अचानक संपर्क से बाहर हो गया, जिसके बाद तुरंत बड़े स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। खबर है कि भारतीय वायुसेना का Sukhoi Su-30MKI लड़ाकू विमान असम के Jorhat Air Force Station से उड़ान भरकर नियमित मिशन पर गया था। उड़ान के दौरान शाम करीब 7 बजकर 42 मिनट पर विमान से आखिरी बार संपर्क हुआ। इसके बाद अचानक रडार संपर्क टूट गया और विमान निर्धारित समय पर एयर बेस पर वापस नहीं लौटा। वायुसेना अधिकारियों के मुताबिक इस तरह की स्थिति में तुरंत मानक सुरक्षा प्रक्रिया लागू की जाती है। इसी के तहत वायुसेना ने तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। आसपास के इलाकों में सेना और स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है और कई टीमें संभावित स्थानों पर भेजी गई हैं।
ग्रामीणों ने विमान गिरने का किया दावा
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी कई तरह की सूचनाएं सामने आई हैं। Bokajan उपखंड के Chokihola इलाके के कुछ ग्रामीणों ने दावा किया है कि उन्होंने जंगल क्षेत्र में किसी विमान के गिरने जैसी घटना महसूस की है। हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और सभी सूचनाओं की जांच की जा रही है। वायुसेना और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर खोज अभियान चला रहे हैं। घने जंगल और पहाड़ी इलाकों में विशेष टीमें भेजी गई हैं। वहीं, ड्रोन और अन्य तकनीकी साधनों की मदद से भी इलाके की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक विमान और पायलट के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल जाती। फिलहाल सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर लगातार नजर बनाये हुये हैं।




