Ranchi : CM हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा खेलों को प्रोत्साहन देने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। इसी क्रम में खेल, युवा कार्य, कला-संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने आज रांची में विभिन्न खेल परिसरों का निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि “झारखंड सरकार राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि हर खिलाड़ी को प्रशिक्षण, संसाधन और संरचना की बेहतर सुविधा मिले। खेलगांव को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के आयोजन योग्य बनाना हमारा लक्ष्य है।”
निरीक्षण की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम से की गई, जहां उन्होंने आगामी SAFF एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि आयोजन से पूर्व स्टेडियम की समस्त आधारभूत संरचनाओं एवं सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाये। वहीं, रांची जिला प्रशासन से शीघ्र फुटबॉल ग्राउंड के हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिये।
इसके पश्चात मंत्री ने मोरहाबादी इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम, खेल विभाग द्वारा संचालित हाई परफॉर्मेंस सेंटर, और खेलगांव परिसर स्थित विभिन्न खेल स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने फिटनेस उपकरणों, तकनीकी संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया तथा खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को समझा। Jharkhand State Sports Promotion Society (JSSPS) द्वारा प्रस्तुत प्रेजेंटेशन के माध्यम से मंत्री सुदिव्य कुमार ने संस्था की कार्ययोजना की समीक्षा की और सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के कई वरीय पदाधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित थे।












