रांची : रांची-लोहरदगा रोड में करांजी गांव के पास राहगीरों को हथियार दिखाकर कुछ लोगों द्वारा डराने की जानकारी ग्रामीण एसपी नौशाद आलम को मिली। सूचना का सत्यापन कराने के बाद डीएसपी बेड़ो के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम जैसे ही करांजी पहुंची पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे।
पुलिस टीम ने दोनों को घेर लिया। मगर इस दौरान एक अपराधी भागने में सफल रहा और एक अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार शख्स का नाम मुमताज अंसारी है। वह कचनार टोली जगरनाथपुर का रहने वाला है। वहीं फरार व्यक्ति का नाम सहवान अंसारी है जो बेड़ो थाना क्षेत्र के करांजी का ही रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मुमताज के पास से पुलिस ने एक देसी लोडेड कट्टा बरामद किया है। मुमताज अंसारी 2016 में कैमरा चोरी के आरोप में और 2018 में मोबाइल चोरी के आरोप में जेल जा चुका है।










