एक्टिव हुई अरगोड़ा पुलिस और बच गई मासूम
Ranchi (Pawan Thakur) : रंधीर कुमार मंडल की शिकायत सुन अरगोड़ा थानेदार बिनोद कुमार बेचैन हो उठे। उन्हें बताया गया कि दो साल की मासूम बिटिया रिधी को कोई उठा ले गया। उसे उसके घर के पास से ही अगवा किया गया। रिधी अपने पापा-मम्मी के साथ ढेलाटोली स्थित सोहराय भवन में रहती है। थानेदार को बताया गया कि जहां से रिधी को उठाया गया, वहीं पर दो और बच्चियां खेल रही थी। दोनों रिधी से थोड़ी बड़ी थीं। जब रिधी को उठाया गया तो दोनों बच्चियां ने उस शख्स को रोकने की कोशिश की। तब उस शख्स ने अपनी जेब से कैंची निकाला और उन बच्चियों की तरफ लपका। बोला… भाग यहां से, नहीं तो जान मार देंगे। दोनों बच्चियां डरकर वहां से भाग गईं।
गठित की गई कई टीमें
मिली खबर ने थानेदार की बेचैनी बढ़ा दी। थानेदार ने यह जानकारी हौले से रांची के पुलिस कप्तान किशोर कौशल को दी। उन्होंने थानेदार बिनोद को बच्ची को सही सलामत खोज निकालने का टास्क दिया। इसके बाद कई टीमें गठित की गई और अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की गई। रेलवे स्टेशन, ऑटो स्टैंड, डिबडीह, कडरू और हरमू के कई इलाकों में घेराबंदी की गई। लोगों से पूछताछ की गई। वहीं कई घरों में झांका गया। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया। एक टीम को फुटेज के जरिये कुछ चश्मदीद गवाह मिले। उनसे पूछताछ करने पर आगे की दिशा मिलती गई। पता चला कि एक शख्स छोटी बच्ची को लेकर उपकार नगर मोहल्ला में घुसा है। पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया। एक-एक घर की तलाशी ली गई। इसी दरम्यान एक घर से रिधी उस शख्स के साथ पाई गई। शख्स का नाम शम्भु शरण शर्मा है। वह उस घर में किरायेदार की हैसियत से रह रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं रिधी को पुलिस ने अपनी हिफाजत में ले लिया।
कल जाने वाला था नवादा
आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि शंभू बीते कई सालों से वहां रह रहा था। उसने सभी को बता रखा था कि वह कल यानी शनिवार को अपने घर नवादा जाने वाला था। वह त्योहार मनाने के लिए घर जाने वाला था। वह पहले से घर जाने का माहौल बना रखा था कि किसी को उसपर शक ना हो। पुलिस को दिये अपने बयान में शंभू ने बताया कि वह कई दिनों से बच्ची की रेकी कर रहा था। वह पहले भी कई बार यह काम कर चुका है। उसकी फितरत बच्चियों का अगवा कर उसे बेच देना है।
मासूम को सही सलामत खोज निकालने में एसआई रोहित कुमार, सतीश वर्णवाल, सुमित कुमार सिंह और एएसआई जगलाल राम की सराहनीय भूमिका रही।
इसे भी पढ़ें : माथे पर हड़िया दारू नहीं सरकार की योजना लेकर जाइए : CM
इसे भी पढ़ें : बंदूक की नोंक पर 5 लाख की लूट… देखें CCTV












