UP : गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की एक युवती ने IPL टीम रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (RCB) के तेज गेंदबाज के खिलाफ यौन शोषण, मानसिक प्रताड़ना और हिंसा के गंभीर इल्जाम लगाये हैं। पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुये मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वह बीते पांच वर्षों से उक्त युवा क्रिकेटर के साथ रिश्ते में थी। उसने उसे शादी का वादा किया और अपने परिवार में बहू के रूप में पेश भी किया, लेकिन इसके बाद लगातार शारीरिक और मानसिक शोषण हुआ। कुछ समय बाद युवती को पता चला कि उसका अन्य लड़कियों से भी संबंध हैं। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट और हिंसा की गई। पीड़िता ने बताया कि उसने इसी साल 14 जून को महिला हेल्पलाइन पर शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर, उसने न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने पुलिस को अपने प्रेमी के साथ की गई व्हाट्सएप चैट्स, वीडियो कॉल्स, तस्वीरें और स्क्रीनशॉट बतौर सबूत सौंपे हैं। इस मामले में DCP ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने मीडिया को बताया कि “शिकायत प्राप्त हुई है। रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के आरोपी खिलाड़ी के खिलाफ लगे आरोपों की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।”










