Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक श्रद्धा और संकल्प से भरा रहा। CM हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने पूर्व विधायक और झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता स्व. दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि “दुर्गा सोरेन झारखंड आंदोलन के मजबूत स्तंभ थे। उनकी भूमिका और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। हर वर्ष उनकी जयंती पर हम सभी यहां एकत्रित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। यह अवसर सिर्फ स्मरण नहीं, बल्कि उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प भी है।” दुर्गा सोरेन केवल एक नाम नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता का प्रतीक हैं। उनकी जयंती पर हर वर्ष जुटने वाला यह कारवां बताता है कि आंदोलन के नायक आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं।
आज नामकुम की हवा ने गवाही दी कि “झारखंड आंदोलन की नींव में दुर्गा सोरेन का पसीना, संघर्ष और सपने बसे हैं। उनकी विरासत ही आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा देती रहेगी।”








