Ranchi : नगर-निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) की संस्थापक अध्यक्ष और पूर्व पार्षद (जैक) रानी कुमारी ने मतदाताओं से दिल से जुड़ी, लेकिन दिमाग से ली गई वोट की अपील की है। उनका साफ कहना है, मेयर और पार्षद वही चुनिये, जिनका जीवन जनहित की मिसाल हो और छवि बेदाग। एक प्रेस बयान जारी कर रानी कुमारी बोली, नगर-निकाय चुनाव में प्रत्याशियों का चयन सोच-समझकर करें। सामाजिक और राजनीतिक छवि साफ-सुथरी होनी चाहिये। जो नेता निस्वार्थ भाव से जनता के लिये काम करें, वही चुने जायें। रानी कुमारी ने कहा कि झारखंड के कई जिलों में नगर निगम क्षेत्रों के अनेक वार्ड आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिये तरस रहे हैं। कहीं सड़कें जर्जर हैं, कहीं नाली-पानी की समस्या, कहीं सफाई और रोशनी का अभाव, इन सबके पीछे उन्होंने जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि जब जनहित को प्राथमिकता नहीं मिलती, तो विकास की रफ्तार खुद-ब-खुद थम जाती है।
वोट डालने से पहले खुद से पूछें
क्या यह उम्मीदवार जनता के बीच रहता है? क्या इसकी नीयत और नीति साफ है? क्या चुनाव जीतने के बाद यह वार्ड की समस्याओं को गंभीरता से सुलझायेगा? रानी कुमारी ने मतदाताओं से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक विकास के लिये मतदान करने और चुनाव में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। क्योंकि सही प्रतिनिधि ही मजबूत नगर-निगम की नींव रखते हैं।




