रांची : रांची पुलिस ने मॉब लीचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए पोस्टर जारी किया है। पोस्टर के जरिये पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कीमत पर कानून हाथ में न लें। किसी के उकसाने या अफवाह फैलाने पर बेवजह किसी पर हमला या मारपीट कभी न करें। किसी भी तरह की सूचना मिले तो सबसे पहले पुलिस को जानकारी दें और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
रांची में बीते दिन ही मॉब लिंचिंग की दो घटनाएं हुईं, जिसमें भीड़ तंत्र ने पीट-पीट कर युवक को मौत के घाट उतार दिया था। इसी के मद्देनजर पोस्टर जारी कर पुलिस ने लोगों से अपील की है। साथ ही थाना स्तर पर भी जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान से हर समाजसेवी और जनप्रतिनिधियों को जोड़ने का निर्देश दिया गया है।
पोस्टर में की गई है ये अपील
- किसी किसी भी प्रकार के अफवाह पर आंख बंद कर विश्वास नहीं करें।
- नियम कानून को हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट नहीं करें अन्यथा दंड के भागी होंगे।
- मारपीट करने वाली भीड़ का हिस्सा होना भी कानूनी अपराध है।
- संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना मिलने पर 100, 112 या 8987790680 पर सूचना दें।
- सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और उसे पुरस्कार दिया जाएगा।








