Kohramlive : बादलों की चादर ओढ़े आसमान एक बार फिर जमीन से मिलने को बेताब है। भारतीय मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी कहती है कि 20 से 26 जुलाई के बीच देश के कई हिस्सों में बादल अपनी मौजूदगी का असर छोड़ने वाले हैं।
उत्तर की पहाड़ियों में सावन की सरगोशियां
हिमाचल और उत्तराखंड की वादियां 20 से 24 जुलाई तक झमाझम बारिश से भीगेंगी। पहाड़ों पर सिर्फ बादल नहीं, बल्कि तेज हवायें और बिजली की गरज भी सुनाई दे सकती है। पंजाब, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश की बौछारें 21 से 26 जुलाई तक दस्तक देंगी।
दक्षिण में मेघों का संगीत
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना यहां अगले हफ्ते भारी बारिश की पटकथा लिखी जा चुकी है। हवाओं की सिसकियां और गरजते बादल सावन की कहानी को और रोमांचक बना देंगे।
पूर्व और उत्तर-पूर्व में मेघा-मालिका
सुब-हिमालयन बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्य जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश ये इलाके 20 से 26 जुलाई तक बादलों के घेरे में रहेंगे। ओडिशा और झारखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश का आना तय है। मौसम विभाग ने न सिर्फ भारी बारिश, बल्कि आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है। ऐसे में जनता से अपील की गई है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।





