Palamu : पलामू में निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर अपराधियों ने फिर दहशत फैला दी। सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में गुरुवार देर रात बाइक सवार दो अपराधियों ने NH-139 की कंस्ट्रक्शन साइट पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की चपेट में आकर दो मजदूर घायल हो गये। उनकी पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के अजय हांसदा और संजय हांसदा के रूप में हुई है। अजय के पैर में और संजय के पेट में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
फायरिंग कर फरार
वारदात रात करीब दो बजे के बाद हुई। बताया गया कि बाइक पर सवार दो अपराधी निर्माण स्थल पर बने अस्थायी मजदूर कैंप के पास पहुंचे। इसके बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अपराधी मौके से फरार हो गये। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। मौके से चार खोखे और राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा पर्चा बरामद किया गया है।
SP पहुंचे मौके पर, सर्च ऑपरेशन तेज
घटना की खबर मिलते ही पलामू SP कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। SP ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। अपराधियों की तलाश में इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। रजडेरवा में NH-139 के फोरलेन का निर्माण चल रहा है। इसी दौरान फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जा रहा है। फ्लाईओवर के ऊपर मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी कैंप बनाया गया है। इसी कैंप को देर रात अपराधियों ने निशाना बनाया।







