Hazaribagh : हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे गैंग के कुछ गुर्गे गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने पुराना कांटा घर रोड के आसपास सघन चेकिंग शुरू की। करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से बाइक पर सवार तीन लोग आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन बाइक सवार मुड़कर भागने लगे। इसी दौरान बाइक गिर गई। तीनों जंगल की ओर भागे और वहीं से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी में दो संदिग्ध अपराधी घायल हो गये।
दो घायल, एक अपराधी फरार
घायलों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है। वहीं, एक अपराधी जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
दो हथियार, खोखे और गैंग का पर्चा बरामद
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी ली गई। पुलिस ने मौके से दो हथियार, गोलियां, खोखे, राहुल दुबे गैंग से जुड़ा पर्चा और मोबाइल फोन बरामद किया है। छापेमारी अभियान बड़कागांव SDPO अमित आनंद के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, बड़कागांव थानेदार दीपक कुमार सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे। फरार अपराधी की तलाश में इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।







