Kohramlive : पहलगाम में आतंकी हमले की खबर मिलते ही बीते कल सऊदी अरब दौरे पर गये PM मोदी बीच में ही अपनी यात्रा छोड़ भारत लौट आये हैं। जैसे ही दिल्ली पहुंचे, उन्होंने पालम एयरपोर्ट पर ही उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक बुलाई। इस दौरान विदेश सचिव विक्रम मिस्री समेत शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। PM की एयरपोर्ट पर यह बैठक बताती है कि सरकार हमले को कितनी गंभीरता से ले रही है। सरकार का रुख सख्त है। PM ने कहा है, “हमले में जो भी शामिल है, बख्शा नहीं जायेगा।” इसके तुरंत बाद बुधवार सुबह बारामूला में घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया। अब कश्मीर में आतंकी ठिकानों के खिलाफ सेना का ऑपरेशन तेज होने के संकेत हैं। हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ ने ली है, जो लश्कर-ए-तैयबा की ही शाखा मानी जाती है।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मंगलवार रात श्रीनगर पहुंचे, जहां उन्होंने पीसीआर में मृतकों को श्रद्धांजलि दी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घाटी में अब चप्पे-चप्पे पर तलाशी और बैरिकेड्स लगाये जा चुके हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी गई है। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों, जैसे उधमपुर, में बंद का आह्वान हुआ है। लोग सड़कों पर उतरकर न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
#WATCH | Union Home Minister Amit Shah pays tributes to the victims of the Pahalgam terror attack, in Srinagar, J&K pic.twitter.com/tPRSj4ewUg
— ANI (@ANI) April 23, 2025
गौरतलब है कि कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुये आतंकी हमले ने देश को झकझोर दिया। हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। आतंकियों ने पास के जंगलों से निकलकर पर्यटकों और आम नागरिकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।










