Dhanbad : प्यार, इश्क और मोहब्बत इजहार करने के वेलेंटाइन डे पर एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। आशिक से पति बने रौनक गुप्ता को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। वहीं, घर के बगल की छत से एक पिस्टल मिली है। मारी गई प्रतिमा के पिता और भाई का इल्जाम है कि प्रतिमा का मर्डर उसके पति रौनक गुप्ता ने किया है। वह सुसाइड नहीं कर सकती है। वहीं, रौनक ने पुलिस को बताया कि प्रतिमा ने खुद को गोली मार ली। पिस्टल कहां से आया, इस बारे में पुलिस को पता चला कि पिस्टल झरिया से खरीदा था। पुलिस कई बिंदु पर रौनक से पूछताछ कर रही है। मारी गई प्रतिमा के भाई सोनू के बयान पर हरिहरपुर थाना में मर्डर केस दर्ज किया गया है।
घटना को लेकर अबतक जो बातें सामने आई है, उसके अनुसार बीते गुरुवार की रात सिर में गोली लगने के बाद लहूलुहान प्रतिमा को बाइक से पास के एक अस्पताल में ले जाया गया। वहां से उसे SNMMCH रेफर कर दिया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। प्रतिमा की मौत की मिली खबर के बाद उनके पिता कृष्णा गुप्ता और भाई सोनू गुप्ता भागे-भागे वहां पहुंचे। पिता-भाई का इल्जाम है कि प्रतिमा सुसाइड नहीं कर सकती। उसे उसके पति ने मार डाला। प्रतिमा के मायके वालों ने पुलिस को बताया कि धनबाद के हरिहरपुर थाना क्षेत्र के हटिया टांड़ में रहनेवाले रौनक गुप्ता और झरिया की रहनेवाली प्रतिमा ने साथ जीने-मरने की कसमें खाते हुये साल 2018 में घर से भाग शादी रचा ली थी। दोनों की शादी के बाद घरवाले राजी हो गये और फिर से सामाजिक रीति रिवाज से साल 2019 में परिणय सूत्र में बंध गये। शादी के बाद प्रतिमा गर्भवती हुई थी, लेकिन बच्चा खराब हो गया था। उसके बाद सात सालों तक उसे कोई बच्चा नहीं हुआ। दोनों पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा-झंझट होते रहता था। पति रौनक गुप्ता एवं सास चंचला देवी उसकी बहन को टार्चर करते रहती थी।








