Ranchi : इस बार की दुर्गापूजा और विजयादशमी पर्व रांचीवासियों के लिये सुरक्षा और सुविधा की गारंटी के साथ मनाया जायेगा। रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम ने शहर के प्रमुख पूजा पंडालों और रावण दहन स्थलों का जायजा लिया। हरमू चौक, अरगोड़ा चौक, एचइसी, स्टेशन रोड और बांधगाड़ी स्थित प्रमुख पंडालों का प्रशासन ने दौरा किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुविधा सुनिश्चित करने के लिये समितियों को सख्त दिशा-निर्देश दिये गये। टीम में अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वरनाथ आलोक, SDO उत्कर्ष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, सिटी SP पारस राणा, रूरल SP, ट्रैफिक DSP एवं अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जायेगी। सभी समितियों को नियमावली का अनुपालन करना जरूरी है।
पूजा पंडालों हेतु विशेष दिशा-निर्देश
सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिये अलग प्रवेश और निकास द्वार। विद्युत और अन्य अवसंरचना की सुरक्षित व्यवस्था। प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई। भीड़ नियंत्रण और सुविधा के लिए पर्याप्त स्वयंसेवक। ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से यातायात सुचारू करना।
रावण दहन स्थल हेतु विशेष निर्देश
फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और चिकित्सा टीम की अनिवार्य तैनाती। बैरिकेडिंग और सुरक्षित दूरी सुनिश्चित करना। अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग की व्यवस्था। आतिशबाजी और पटाखों का प्रयोग प्रशिक्षित व्यक्तियों की देखरेख में। बिजली और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं से सुरक्षित दूरी। दहन के समय पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति। दहन के बाद यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करना।








