Kohramlive : भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ के क्रिकेट मैदान पर वनडे मुकाबला खेला जायेगा। पहली बार इस मैदान पर वनडे की मेजबानी होने जा रही है, जिसे यादगार बनाने के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने खास तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली को विशेष सम्मान दिये जाने की तैयारी है। PCA अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह मैच पंजाब के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। इससे पहले मैदान पर अंतरराष्ट्रीय टी-20 और टेस्ट मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस मैच का एक और आकर्षण शुभमन गिल होंगे। वह अपने नये होम ग्राउंड पर पहली बार वनडे कप्तान के तौर पर टीम इंडिया की अगुआई करते नजर आयेंगे। ऐसे में स्थानीय दर्शकों की नजर उनके प्रदर्शन पर भी रहेगी।
नमन धीर को मिल सकता है मौका
पंजाब के क्रिकेट प्रेमियों के लिए मैच इसलिए भी खास है क्योंकि स्थानीय प्रतिभा नमन धीर को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की संभावना है। तेज गेंदबाज गुरनूर भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। PCA के मुताबिक स्टेडियम में दर्शकों की सुविधा के लिए प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि मैच देखने आने वाले क्रिकेट प्रेमियों को बेहतर और सहज अनुभव देने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।





