Hazaribagh(Sunil Sahu) : नई जिम्मेदारियों के साथ हजारीबाग की धरती पर कदम रखते ही DC शशि प्रकाश सिंह को एक शिष्टाचार भेंट के बहाने एक उम्मीद का तोहफा मिला, पकरी बरवाडीह परियोजना के परियोजना प्रमुख सुब्रत कुमार दास की ओर से। लेकिन यह मुलाकात सिर्फ औपचारिकता नहीं थी, यह एक वादा था, शिक्षा और खेल की दुनिया में रोशनी फैलाने का। हजारीबाग के बच्चों को स्मार्ट लाइब्रेरी और ICT लैब के जरिये भविष्य की ओर ले जायेगी।
सुब्रत दाश ने मुस्कराते हुये कहा, “NTPC सिर्फ कोयला नहीं निकालती, हम समाज के अंधेरे कोने से रोशनी भी निकालते हैं।” हजारीबाग DC ने सिर हिलाया, मानो ये कोई चेक नहीं, बल्कि भविष्य की चाबी हो,”एक स्मार्ट हजारीबाग के लिये ये शुरुआत काफी है।” स्मार्ट सोच, सशक्त समाज, और संकल्पों की कहानी। ऐसी थी आज की मुलाकात, जिसने आंकड़ों से परे दिलों को छुआ। दास ने DC को ₹10 लाख का चेक भेंट किया, जो जिले में एक स्मार्ट लाइब्रेरी और कंप्यूटर-सह-ICT लैब की स्थापना के लिये प्रदान किया गया है। वहीं, हजारीबाग में तीरंदाजी जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने हेतु ₹2.5 लाख का अलग चेक सौंपा गया। यह राशि जिले की स्थानीय प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। NTPC का यह योगदान उसकी दीर्घकालिक CSR रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शिक्षा, तकनीकी सशक्तिकरण और खेल को समुचित अवसंरचना के माध्यम से मजबूती देना है।
परियोजना प्रमुख दास ने कहा, “हम मानते हैं कि शिक्षा और खेल, दोनों समाज की नींव मजबूत करते हैं। NTPC का उद्देश्य केवल ऊर्जा उत्पादन नहीं, बल्कि सामाजिक ऊर्जा को भी बढ़ाना है।” DC ने इस योगदान के लिए NTPC को धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस साझेदारी से हजारीबाग को और भी नई ऊंचाइयां मिलेंगी।














