Ranchi : झारखंड में पूरा नवंबर मौसम की अजीब करवटों में बीत गया—कभी गालों पर चुभती शीतलहर, तो कभी तापमान में अचानक 2–3 डिग्री का उछाल। लेकिन दिसंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अब लापरवाही की रत्तीभर भी गुंजाइश नहीं है। क्योंकि इस महीने ठंड अपना असली रूप दिखाने वाली है। मौसम केंद्र रांची की ताज़ा चेतावनी के मुताबिक अगले चार दिनों में राज्य के कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे गिर सकता है। वहीं 15 दिसंबर के बाद बर्फीली हवाएं अचानक तेज होंगी और 3 से 5 दिन तक शीतलहर का सीधा हमला झेलना पड़ सकता है। इसका सीधा असर क्रिसमस–न्यू ईयर के उत्सव पर भी पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने साफ कहा है कि इस बार रांची का न्यूनतम पारा 5°C तक लुढ़क सकता है। रांची के ग्रामीण इलाके नामकुम, कांके, ओरमांझी, मैक्लुस्कीगंज में ठंड का असर शहर से दोगुना महसूस होगा। सुबह धुंध, शाम में गलन और रात में तेज शीतलहर की उम्मीद है। पूरे राज्य में तापमान तेजी से नीचे जा रहा है और आने वाले दिनों में यह गिरावट और तेज होने वाली है।










