Ranchi : अब सरकारी जमीन को कब्जा करने की ख्वाहिश पालने वालों को पहले ही दूर रहना होगा, क्योंकि रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री ने बड़ा फैसला ले लिया है। जिला के हर सरकारी प्लॉट पर अब लगेगा “सरकारी भूमि सूचना पट्ट”।
जिस पर लिखा होगा, जिले का नाम, अंचल, मौजा, हल्का, थाना, खाता, प्लॉट संख्या, रकबा और भूमि की किस्म। DC मंजूनाथ भजंत्री ने खुद आदेश जारी कर कहा है, “सरकारी जमीन पर अब कोई भ्रम या बहाना नहीं चलेगा। हर प्लॉट को चिन्हित कर उसमें सूचना पट्ट लगाना अनिवार्य है।” वहीं, हर अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे इन पट्टों की फोटो व विवरणी रिपोर्ट के साथ भेजें। गैर मजरूआ हो या खास, मालिक हो या जंगल झाड़ी, आम जमीन हो या कैसरे हिंद, अब हर इंच जमीन को सरकार पहचान देगी। मतलब साफ है कि अब हर दीवार बोलेगी कि “ये जमीन सरकार की है, दूर रहो।”
पर्दे के पीछे की कहानी
यह कदम ऐसे समय पर आया है जब अतिक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अंचलों में दलालों की सक्रियता, भू-माफिया का दबदबा और फर्जी दस्तावेज़ों के खेल को देखते हुये यह प्रशासनिक फैसला, जमीन की लड़ाई में एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है।








