Garhwa(Nityanand Dubey) : गुरुवार का दिन झारखंड के गढ़वा और पलामू के लिए एक नई शुरुआत लेकर आया। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 1129 करोड़ की लागत से बने 22 किमी लंबे फोरलेन बाईपास (एनएच-75) का उद्घाटन किया। मौके पर उन्होंने ऐलान किया कि झारखंड में 2 लाख करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं लागू की जायेंगी। जनसभा में उन्होंने पलामू की पानी की पीड़ा को समझते हुये अपने विदर्भ का ज़िक्र किया और एक सादा लेकिन गहरा मंत्र दिया “गांव का पानी गांव में, खेत का पानी खेत में, घर का पानी घर में”। उन्होंने भरोसा जताया कि इस सोच से जल संकट पर काबू पाया जा सकता है।
झारखंड में विकास की रफ्तार
अब तक ₹40,000 करोड़ की परियोजनाएं पूरी
₹70,000 करोड़ पर काम जारी
₹75,000 करोड़ की योजनाएं पाइपलाइन में
गडकरी ने बड़े प्रोजेक्ट्स की समयसीमा भी तय की
वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड कॉरिडोर (₹36,000 करोड़) – मार्च 2028
रांची-वाराणसी इकोनॉमिक कॉरिडोर (₹12,800 करोड़) – जनवरी 2028
दिल्ली-कोलकाता सिक्स लेन कॉरिडोर (₹31,700 करोड़) – जून 2026
गडकरी ने एक गहरा संदेश भी दिया “चुनावों तक राजनीति हो सकती है, पर उसके बाद सिर्फ़ विकास की राजनीति होनी चाहिए।” उन्होंने झारखंड सरकार से भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण मंज़ूरी से जुड़ी अड़चनों को दूर करने की अपील की।
झारखंड में दोगुना हुआ हाइवे नेटवर्क
2014 में जहां सिर्फ़ 2,600 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग थे
अब हो गए 4,470 किमी
राज्य के 19 आकांक्षी ज़िलों को हाईवे से जोड़ा गया
गढ़वा को मिली दो नई सड़कें
₹1,130 करोड़ की लागत से शंखा से खजूरी तक 23 किमी फोरलेन सड़क
₹1,330 करोड़ की लागत से छत्तीसगढ़ सीमा से गुमला तक 32 किमी फोरलेन चौड़ीकरण








