Bihar : दरभंगा की मिट्टी, जो कभी विद्या और संस्कृति की खुशबू से महकती थी, आज फिर एक मासूम की चीखों से कांप उठी। विशनपुर थाना क्षेत्र की एक शांत सी रात, जहां गली-गली शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, उसी रात एक शादीशुदा महिला को दरिंदगी की साजिश ने घेर लिया।
दिल्ली से अपनी नानी के घर आई युवती जब पड़ोस की शादी में शामिल होकर लौट रही थी, तभी प्यास बुझाने के लिए खेत के चापाकल तक गई। लेकिन उसे क्या पता था कि मक्का के खेतों में दो हैवान पहले से घात लगाये बैठे हैं। घड़ी की सुइयां रात के दस बजा चुकी थीं और वही घड़ी उसकी जिंदगी की सबसे डरावनी याद बन गई। दरिंदों ने उसे खींचकर खेत में ले जाया, जहां न सिर्फ उसका मान लूटा, बल्कि विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा भी। चेहरा, पीठ और आत्मा हर जगह पर ज़ख्म दे गये।
अर्धनग्न और लहूलुहान हालत में जब वह घर पहुंची, मां और नानी की चीखें दरभंगा की खामोश रात को चीर गईं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाई और महज दो घंटे में दोनों आरोपी, जो खुद भी शादीशुदा और पिता हैं, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और उन्हें जेल भेजा जा चुका है। पीड़िता का इलाज जारी है और फोरेंसिक जांच के जरिए सबूत जुटाये जा रहे हैं।








