New Delhi : भारत द्वारा अंजाम दिये गये ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें करीब 100 आतंकवादियों को मार गिराया गया। इस अभियान में कंधार हाईजैक और पुलवामा हमले जैसे मामलों में शामिल तीन प्रमुख आतंकियों को भी ढेर किया गया है। यह जानकारी लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती, और वाइस एडमिरल एएन प्रमोद ने रविवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
“सिर्फ आतंकी ढांचों को निशाना बनाया”
लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा, “हमने सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर 9 ठिकानों की पहचान की और ऑपरेशन के सबूत वापस लाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की।”उन्होंने स्पष्ट किया कि हमले का उद्देश्य केवल आतंकवाद के साजिशकर्ताओं और उनके ठिकानों को खत्म करना था, न कि किसी आम नागरिक या सैन्य ठिकाने को नुकसान पहुंचाना।
मुरीदके और बहावलपुर के कैंप तबाह
एयर मार्शल भारती ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के पास कोई विकल्प नहीं बचा था। उन्होंने कहा, “हमने 9 में से 6 टारगेट एयरफोर्स को सौंपे। इन टारगेट्स में लश्कर-ए-तैयबा का हेडक्वार्टर मुरीदके, और बहावलपुर स्थित आतंकी ट्रेनिंग सेंटर शामिल थे।”“मुरीदके कैंप पर एयर टू सरफेस मिसाइल से चार टारगेटेड स्ट्राइक किये गये। कोलैटरल डैमेज को ध्यान में रखते हुए सिर्फ टेरर स्ट्रक्चर को ही निशाना बनाया गया।”
कई ठिकाने डर के मारे खाली मिले
लेफ्टिनेंट जनरल घई ने बताया कि ऑपरेशन से पहले कई आतंकी ठिकानों को डर की वजह से खाली कर दिया गया था। “हमने जिन इमारतों को टारगेट किया वे पहले ही खुफिया एजेंसियों की रडार पर थीं। कुछ कैंप सीधे तौर पर उन संगठनों से जुड़े थे जिनके सदस्यों ने 26/11 और पुलवामा जैसे हमले किये थे।” DGMO ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में याद दिलाया कि पहलगाम हमले में 26 लोगों को बेहद क्रूरता से मार डाला गया था, और ऑपरेशन सिंदूर उसी का जवाब था।
Watch LIVE:
Media Briefing on #OpSINDOOR by DGMO & senior officers from the Indian Navy and Indian Air Force at National Media Centre. https://t.co/iK4Smpx2A5— Ministry of Defence, Government of India (@SpokespersonMoD) May 11, 2025








