Chouparan(Krishna Paswan) : चौपारण प्रखंड के बिगहा स्थित हनुमंत मंदिर प्रांगण में सातवां हनुमंत वार्षिकोत्सव सह महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन और भक्तिभाव से पूरा परिसर मानो आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। दूर-दराज के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे और हर चेहरे पर भक्ति की उजली चमक नजर आई। सनातन परंपरा के पावन गढ़ पर विशाल ध्वज फहराकर कार्यक्रम का आगाज किया गया। ध्वजारोहण में निर्मोही अखाड़ा के महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज, विधायक मनोज कुमार यादव, विद्वान डॉ. चक्रपाणि जी महाराज समेत कई संतों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इसके बाद सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा निकाली और गढ़ परिक्रमा करते हुये यज्ञ मंडप में कलश स्थापना की।
काशी से आये आचार्य के सान्निध्य में महायज्ञ
काशी से पधारे यज्ञ आचार्य दीपक द्विवेदी के निर्देशन में महायज्ञ का आयोजन हो रहा है। हवन, मंत्रोच्चार और आहुति के बीच वातावरण में ऐसी आध्यात्मिक सुगंध घुली कि हर मन श्रद्धा से भीग उठा। यज्ञ के माध्यम से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की जा रही है। सम्मान समारोह में विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि हनुमंत सेवा संस्थान की निष्ठा और सात वर्षों की सतत सेवा प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक कार्यों में संस्था की भूमिका पूरे क्षेत्र के लिये मिसाल है। निर्मोही अखाड़ा के महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने कहा कि हनुमंत सेवा संस्थान अब इस क्षेत्र में सनातन धर्म का सशक्त केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसे महायज्ञ समाज में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक एकता को मजबूती देते हैं। अतिथियों और श्रद्धालुओं ने शिव मंदिर, गढ़काली मंदिर, गढ़वाल बाबा मंदिर, हनुमान मंदिर और फलाहारी बाबा समाधि स्थल पर मत्था टेका। पूरे परिसर में घंटों की ध्वनि और जय-जयकार से वातावरण गूंजता रहा। आयोजन समिति ने बताया कि 22 से 28 फरवरी तक प्रतिदिन संध्या में रामलीला, भजन-कीर्तन और काव्य कार्यक्रम होंगे। मेले में झूले, प्रसाद और धार्मिक स्टॉल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।








