Ranchi : हिंदी साहित्य भारती झारखंड ने ऐलान किया है कि आगामी 21 सितंबर को राजधानी के प्रेस क्लब में एक भव्य और यादगार कार्यक्रम आयोजित होगा। आज हुई ऑनलाइन बैठक (गूगल मीट) में इस आयोजन की रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने की, संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. सुनीता कुमारी ने किया तथा प्रदेश प्रभारी डॉ. अरुण सज्जन विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति बनी कि यह आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर, हिंदी भाषा के गौरव, उसकी समृद्ध परंपरा और वैश्विक महत्व को रेखांकित करने वाला प्रेरणादायी अवसर बने।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हिंदी साहित्य भारती का उद्देश्य हिंदी भाषा को राष्ट्र की आत्मा के रूप में स्थापित करना और नई पीढ़ी को इसके महत्व से जोड़ना है। हमें मिलकर इस आयोजन को एक ऐतिहासिक स्वरूप देना है। बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिये जिला और प्रदेश स्तर पर सभी पदाधिकारियों और साहित्यप्रेमियों का सक्रिय सहयोग लिया जायेगा। बैठक में बलराम पाठक, डॉ. आशा गुप्ता, नीरज पाठक, वंदना श्रीवास्तव, अनुज पाठक, डॉ. अंजना वर्मा, नरेश बंका सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने कार्यक्रम की सफलता के लिये अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।






