Maharashtra : भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले CM होंगे। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पिछली महायुति सरकार में देवेंद्र फडणवीस डिप्टी CM थे। मुंबई में बुधवार को हुई बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र की सत्ता की कुर्सी संभालेंगे। लगभग 54 साल के देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र भाजपा के सबसे बड़े नेता हैं। देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के CM और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। साल 1999 में उनकी महाराष्ट्र विधानसभा में बतौर विधायक एंट्री हुई थी। इसके बाद लगातार राजनीति में उनका कद बढ़ता चला गया। 22 जुलाई 1970 को नागपुर में एक मध्यमवर्गीय महाराष्ट्रीयन परिवार में जन्मे देवेंद्र फडणवीस के पिता गंगाधर राव फडणवीस जनसंघ के सदस्य थे और वह नागपुर से महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य भी रहे। आपातकाल में वे जेल भी गये। उनकी माता सरिता फडणवीस विदर्भ हाउसिंग क्रेडिट सोसाइटी की पूर्व निदेशक थीं, जो अमरावती के प्रतिष्ठित कालोटी परिवार से ताल्लुक रखती थीं।
साल 2005 में नागपुर में देवेंद्र फडणवीस ने अमृता रानाडे से शादी की। अमृता फडणवीस सिंगर के साथ-साथ बैंकर हैं। उनकी एक बेटी दिविजा फडणवीस है। दिजिवा फडणवीस की उम्र महज 15 साल है और वह अभी स्कूल में पढ़ाई कर रही हैं। देवेंद्र फडणवीस ने अपने शपथ पत्र में कुल 13.27 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई है। फडणवीस ने पारिश्रमिक और किराये से होने वाली कमाई को अपनी आमदनी का जरिया बताया है। RSTM नागपुर विश्वविद्यालय से LLB देवेंद्र फडणवीस ने साल 1999 में DSE बर्लिन से ‘मैनेजमेंट डिप्लोमा इन मेथड्स एंड टेक्नीक्स ऑफ प्रोजेक्ट मैनेजमेंट’ हासिल किया था। उन्हें FM सुनने का शौक है। उन्हें पुराने हिंदी गाना सुनना पसंद है। वह हमेशा अपने साथ आईफोन और आईपैड रखते हैं।







