Hazaribagh(Sunil/Pooja) : हजारीबाग में मिड-डे मील (MDM) योजना में गड़बड़ी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया। Kohramlive टीम द्वारा बड़कागांव प्रखंड के नव प्राथमिक विद्यालय पंदनवाटंड में पाई गई गंभीर खामियों को लेकर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO), बड़कागांव ने दो शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया है। प्रखंड संसाधन केंद्र, बड़कागांव द्वारा जारी पत्र (पत्रांक–281, दिनांक 12.12.2025) के अनुसार, सहायक अध्यापक रामदुलार कुमार साव निरीक्षण के दौरान विद्यालय से अनुपस्थित पाये गये, मिड-डे मील मेनू के अनुसार भोजन नहीं बनाया गया, अंडा नहीं दिया गया, वीडियो फुटेज में दाल अत्यधिक पतली पाई गई, सब्जी के स्थान पर भुजिया परोसी गई, जो विभागीय निर्देशों के खिलाफ है। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यह विभागीय आदेश की अवहेलना और घोर लापरवाही का मामला है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने बालदेव साव (प्रभारी सहायक अध्यापक) और रामदुलार कुमार साव (सहायक अध्यापक) से दो दिनों के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मानदेय स्थगित कर दी जायेगी, वहीं, विभागीय कार्रवाई हेतु जिला को प्रतिवेदन भेजा जायेगा। इस पत्र की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर कार्यक्रम पदाधिकारी को भी भेजी गई है। इसी क्रम में हजारीबाग के कटकमसांडी प्रखंड स्थित UPG M.S. HARHAD स्कूल से भी चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इल्जाम है कि बच्चों को सरकारी मेनू से हटकर घटिया और अधूरा भोजन दिया जा रहा था। Kohramlive की टीम द्वारा कवरेज के दौरान स्कूल के प्रिंसिपल अर्जुन राम खबर दबाने को लेकर परेशान रहे।











