Palamu : झारखंड के पलामू और लातेहार में मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिये हैं। उत्तरी कोयल नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। कोयल नदी का जलस्तर 5.4 मीटर से ऊपर पहुंच गया है। पहाड़ी बेलवाटिकर समेत कई मोहल्लों में घरों में पानी भर गया है। शाहपुर पुल के पास नदी विकराल रूप में बह रही है। जिला प्रशासन ने तटवर्ती इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया है। लोगों से नदी किनारे न जाने और सेल्फी लेने से बचने की अपील की जा रही है। लगातार निगरानी अभियान जारी है।
लातेहार में सड़कें टूटीं, गांवों का संपर्क कटा
बरवाडीह में लाभर–नावाडीह मुख्य सड़क ध्वस्त हो गई है। जुरूहार, घेटादोहर और कोरवा घाटी के बीच सड़क टूटने से सैकड़ों लोगों का आवागमन ठप है। होरीलोंग मार्ग भी भारी बारिश में बह गया। मनिका में रांची–लातेहार–पलामू मार्ग पर विशाल पेड़ गिरने से ट्रैफिक रुक गया। प्रशासन ने राहत कार्य कर मार्ग को आंशिक रूप से बहाल किया, जबकि कई ग्रामीण इलाकों में अब भी परेशानी बनी हुई है।
![]()
















