Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के बड़गड़ थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। डायन-बिसाही के अंधविश्वास में डूबे एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह वारदात बीते 2 जनवरी की रात ग्राम गड़िया में हुई। मृतक की पहचान चंद्रिका राम के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेटा नागेंद्र मोची उर्फ नागेंद्र राम (36) अपने बच्चों की बीमारी और खुद की खराब सेहत के लिए पिता को जिम्मेदार मानता था और उन्हें डायन-भूत करने वाला समझता था। अंधविश्वास में डूबे नागेंद्र ने मौका देखकर सोते समय पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया और उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके निशानदेही पर खून लगी कुल्हाड़ी, खून सनी मिट्टी और आरोपी के कपड़े बरामद किये हैं। रंका SDPO रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया।








