Jamshedpur : जमशेदपुर से बीते 13 जनवरी को अगवा किये गये युवा एंटप्रेन्योर कैरव गांधी आखिरकार 27 जनवरी की सुबह करीब 4:30 बजे अपने घर लौट आये। पुलिस ने उन्हें बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। खबर है कि वे हजारीबाग- बिहार बोर्डर से मिले। इस खबर के बाद परिवार के साथ-साथ पूरे शहर ने राहत की सांस ली है। कैरव गांधी, जमशेदपुर के जाने-माने कारोबारी देवांग गांधी के बेटे हैं। उनका अपहरण बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया से दिनदहाड़े किया गया था। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अपहरणकर्ताओं ने करोड़ों की फिरौती की मांग भी की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुये झारखंड की DGP तदाशा मिश्रा खुद जांच की निगरानी कर रही थीं और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था। कैरव गांधी की तलाश में पुलिस की टीमें बिहार और पश्चिम बंगाल तक सक्रिय रहीं। CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से कई अहम सुराग मिले। फिलहाल, सुरक्षा कारणों से पुलिस ने ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन इतना साफ है कि यह बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।










