Ranchi (Pawan Thakur) : अपनी मामी के घर प्रसाद देने गई 16 साल की नाबालिग लड़की फिर वापस घर नहीं लौटी। वह रास्ते से ही गायब हो गई। वह बीते 13 अगस्त को गायब हुई। जब काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो घरवालों का माथा ठनका। सीमा की दिमागी हालत बहुत बढ़िया नहीं है। घरवालों ने उसे हर संभावित ठिकानों पर खोजा, पर उसका कुछ भी पता नहीं चल पाया। थक-हाक कर सीमा के पिता ने अगले दिन यानी 14 अगस्त को सुखदेवनगर थाना में बिटिया के किडनैपिंग का मामला दर्ज करवाया। मामला रांची के पुलिस कप्तान किशोर कौशल के कानों तक पहुंची। SSP ने इस मामले को गंभीरता से लिया और सुखदेवनगर थानेदार विनोद कुमार को हर हाल में नाबालिग लड़की को सही-सलामत खोज निकालने का टास्क दिया।
एक ही दिन एक ही समय दोनों हुए थे गायब
तफ्तीश शुरू की गई। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया गया। छानबीन के क्रम में पता चला कि नाबालिग लड़की के मुहल्ले का ही एक जवान लड़का ज्वाला प्रसाद उर्फ अभय कुमार भी उसी दिन से गायब है। करीब 28 साल का ज्वाला घर पर कुछ भी बता कर नहीं गया था। हालांकि लड़की और ज्वाला के घर से निकलने का समय एक पाया गया। तफ्तीश के दरम्यान पुलिस को भनक लगी कि ज्वाला अपने घर आया हुआ है और छुप कर रह रहा है। पुलिस ने छापेमारी कर उसे उसके घर से धर दबोचा। पहले तो ज्वाला ने पूछताछ में लड़की के संबंध में कोई भी जानकारी होने से इनकार करता रहा। जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया।
मालदार पार्टी का कर रहा था इंतजार
पुलिस को दिये अपने बयान में ज्वाला ने राज खोला कि नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर अपने साथ यूपी ले गया। वहां, कसिया थाना क्षेत्र के कसिया बाजार में एक किराये के मकान में उसके साथ रह रहा था। ज्वाला उसे गलत नीयत से बेचने की फिराक में था। कई लोगों से बात तक की गई, पर सौदा नहीं पटा। ज्वाला को इंतजार था मालदार पार्टी का। सुखदेवनगर की पुलिस ने ज्वाला के बताये ठिकाने पर छापेमारी की नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया। लड़की को छुड़ाने में सुखदेवनगर पुलिस का साथ कसिया थाना की पुलिस ने दिया। कसिया थाना की पुलिस ने बताया कि जिस इलाके लड़की को रखा लगा था, वह रेड लाइट एरिया है। खुदा का शुक्र है कि कोई अनहोनी से पहले नाबालिग लड़की को रेस्क्यू कर लिया गया। वहीं, इलाके की कई लड़कियों को भी जिस्मफरोशों के चंगुल से मुक्त कराया गया। नाबालिक को मेडिकल के लिए और संदेही गुनहगार ज्वाला प्रसाद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : नगड़ी के रेलवे लाइन पर इस हाल में मिला जवान युवक, देखें…
इसे भी पढ़ें : बड़ा फेरबदल : 20 IPS अफसरों का तबादला, देखें पूरी लिस्ट












